सरकार ने मांगे सुझाव, जानिए कौन और कैसे दे सकता है अपनी राय
केंद्र सरकार ने 8वें वेतन आयोग (8th CPC) से जुड़ी आधिकारिक वेबसाइट शुरू कर दी है। आयोग के गठन के बाद अब सरकार ने मंत्रालयों, विभागों, केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों सहित अन्य संबंधित पक्षों से सुझाव और प्रतिक्रियाएं आमंत्रित की हैं। इससे लाखों कर्मचारियों और पेंशनधारकों में उत्साह का माहौल है।
प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व वाली सरकार ने जनवरी 2025 में 8वें वेतन आयोग की घोषणा की थी। इसके बाद 3 नवंबर को वित्त मंत्रालय ने इसे औपचारिक अधिसूचना जारी कर लागू प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। सरकार पहले ही आयोग के कार्यक्षेत्र (Terms of Reference) को मंजूरी दे चुकी है और आयोग को 18 महीनों के भीतर अपनी सिफारिशें सौंपने की समयसीमा दी गई है। इन सिफारिशों के आधार पर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों के वेतन, पेंशन और भत्तों में संशोधन किया जाएगा।
क्या है 8वें वेतन आयोग की वेबसाइट?
सरकार ने 8वें वेतन आयोग के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://8cpc.gov.in/ लॉन्च की है। इस मंच के माध्यम से आयोग विभिन्न हितधारकों से सुझाव प्राप्त कर रहा है, ताकि वह तथ्यों और विचारों के आधार पर बेहतर सिफारिशें तैयार कर सके।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सुझाव एक संरचित प्रश्नावली के माध्यम से लिए जा रहे हैं। यह प्रश्नावली 18 सवालों पर आधारित है और इसे MyGov पोर्टल पर उपलब्ध कराया गया है।
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि सभी प्रतिक्रियाएं गोपनीय रखी जाएंगी। उत्तरों का विश्लेषण सामूहिक रूप से किया जाएगा और किसी भी व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी।
कौन दे सकता है सुझाव?
सरकार ने निम्नलिखित वर्गों से प्रतिक्रियाएं आमंत्रित की हैं:
- केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों के कर्मचारी
- केंद्र शासित प्रदेशों के कर्मचारी
- न्यायिक अधिकारी और न्यायालयों के कर्मचारी
- नियामक संस्थाओं के सदस्य
- सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के संघ या संगठन
- पेंशनर
- शोधकर्ता और शिक्षाविद
- अधिकृत/नामित नोडल एवं सब-नोडल अधिकारी
क्या है अंतिम तिथि?
8वें वेतन आयोग से संबंधित प्रश्नावली पर अपनी प्रतिक्रिया देने की अंतिम तिथि 16 मार्च निर्धारित की गई है।
कैसे भेजें अपनी प्रतिक्रिया?
जो व्यक्ति या संगठन 8वें वेतन आयोग पर सुझाव देना चाहते हैं, वे MyGov पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रश्नावली भर सकते हैं।
प्रक्रिया इस प्रकार है:
- MyGov पोर्टल पर लॉगिन या साइन अप करें।
- मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी दर्ज करें।
- प्राप्त 6 अंकों का ओटीपी दर्ज करें।
- प्रश्नावली भरकर अपनी प्रतिक्रिया सबमिट करें।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन माध्यम से भेजी गई प्रतिक्रियाएं ही स्वीकार की जाएंगी। डाक, ईमेल या पीडीएफ के माध्यम से भेजे गए सुझावों पर विचार नहीं किया जाएगा।
8वां वेतन आयोग आने वाले समय में केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों के वेतन ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है। ऐसे में सभी पात्र व्यक्तियों और संगठनों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है कि वे अपनी राय समय रहते दर्ज कराएं।
